{"vars":{"id": "114287:4923"}}

Haryana : हरियाणा की महिला डाक्टर से मांगी 20 लाख की फिरौती, नहीं देने पर गोली मारने की धमकी 

पुलिस की टीम जिस नंबर से धमकी आई है और रंगदारी मांगी है उस नंबर को ट्रेस कर रही है, ताकि धमकी देने वाले व्यक्ति तक पहुंच सके

 

हरियाणा के जींद में सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां पर अस्पताल संचालक महिला डाक्टर पर फोन करके 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। 20 लाख रुपये की रंगदारी नहीं देने पर बदमाश ने गोली मारने की धमकी दी। धमकी भरा फोन आने के बाद महिला डाक्टर घबरा गई और इसकी शिकायत तुरंत ही एसपी कुलदीप सिंह को दी है।

जहां पर पुलिस की टीम जिस नंबर से धमकी आई है और रंगदारी मांगी है उस नंबर को ट्रेस कर रही है, ताकि धमकी देने वाले व्यक्ति तक पहुंच सके। महिला डाक्टर के पास रंगदारी मामले की निजी अस्पताल संचालकों ने रोष जताया है और पुलिस से इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। 

जानकारी के अनुसार जींद के नागरिक अस्पताल से सेवानिवृति लेकर डा. मोनिका पूनिया ने लगभग एक साल पहले जींद के सेक्टर सात-आठ के मुख्य मार्ग पर सिविल लाइन थाने के पास मुस्कान अस्पताल खोला था। डा. मोनिका पूनिया गायनी विशेषज्ञ है। सात अगस्त सुबह डा. मोनिका पूनिया अस्पताल में बैठकर ओपीडी कर रही थी। इसी दौरान 11.28 मिनट पर अज्ञात नंबर से फोन आया।

जहां पर डा. मोनिका पूनिया ने किसी मरीज का फोन होना समझकर उसको उठा लिया। इसी दौरान सामने वाले ने धमकी देनी शुरू कर दी। जहां पर कहा कि 20 लाख रुपये की व्यवस्था कर लो, नहीं तो इसका बुरा अंजाम भुगतना होगा। अगर 20 लाख रुपये की रंगदारी नहीं दी तो उसको गोली मार देंगे। 

इसके बाद 11:55 बजे फिर से फोन आया और उससे फिर से रंगदारी मांगी गई। धमकी भरा फोन आने पर डा. मोनिका पूनिया घबरा गई। इसके बाद एसपी कुलदीप सिंह से मिलकर इसकी शिकायत दी गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के  फिरौती मांगने, धमकी देने का केस दर्ज किया है।