{"vars":{"id": "114287:4923"}}

Haryana weather : हरियाणा में मौसम फिर लेगा करवट, तेज हवाओं के साथ होगी बारिश 

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 30 और 31 जनवरी को रेवाड़ी में मौसम पूरी तरह खुश्क रहेगा।
 

हरियाणा में मौसम एक बार फिर बड़ी करवट लेने की तैयारी में है। फिलहाल बर्फीली हवाओं से दिनभर ठिठुरन रहेगी।  मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, हरियाणा में 4 फरवरी तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील बना रहेगा। हरियाणा के अधिकतर इलाकों में अगले दो दिन कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप रहेगा, जिसके बाद बारिश की संभावना जताई गई है।

30 और 31 जनवरी को चलेगी शीत लहर

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 30 और 31 जनवरी को रेवाड़ी में मौसम पूरी तरह खुश्क रहेगा। हालांकि, उत्तर की ओर से आने वाली बर्फीली और शीत हवाएं दिन और रात के तापमान में गिरावट ला सकती हैं। सुबह और देर रात्रि के समय सड़कों पर मध्यम से गहरी धुंध छाने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी (दृश्यता) कम हो सकती है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम में सबसे बड़ा बदलाव 31 जनवरी की रात से देखने को मिलेगा। एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण रेवाड़ी सहित राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बादल छा जाएंगे। 31 जनवरी की देर रात और 1 फरवरी को जिले के कई इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। बारिश होने से वातावरण में मौजूद धूल के कण कम होंगे, लेकिन नमी बढ़ने से ठिठुरन महसूस की जा सकती है।

किसानों के लिए जरूरी सलाह

मौसम में आने वाले इस बदलाव और बारिश की संभावना को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने जिले के किसानों के लिए निम्नलिखित दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विशेषज्ञ के अनुसार सिंचाई रोकें, कीटनाशक छिड़काव से बचें, जल निकासी का प्रबंधन करें व सब्जियों की सुरक्षा यानि टमाटर, मिर्च और बेल वाली सब्जियों को पाले और ठंड से बचाने के लिए उचित कवरिंग का उपयोग करें।