{"vars":{"id": "114287:4923"}}

Western Disturbance : हरियाणा में सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, 19 नवंबर से बदलेगा मौसम 

पश्चिम विक्षोभ से पहाड़ी क्षेत्र में बर्फबारी होने से हरियाणा में तापमान में आएगी गिरावट 

 

नवंबर माह आधा बीत चुका है। इसके साथ ही ठंड का दौर भी शुरू हो चुका है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद ठंडी हवाएं मैदानी क्षेत्रों की ओर बह रही है जिससे हरियाणा के सभी जिला में सर्दी का असर ओर बढ़ गया है। हालांकि 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 3.0 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद शीतलहर से ठंडक का व्यापक प्रभाव बना रहा। लगातार पांचवें दिन शहर का एक्यूआई रेड जोन में रहा। 

बता दें कि लगातार रात्रि तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। तापमान का ये सिलसिला 18 नवंबर तक ऐसे ही बना रहेगा। 19 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के कारण हलके बादल छाएंगे। जहां पर हरियाणा के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।  जिससे दिन का पारा गिरेगा मगर रात्रि तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इस दौरान ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी से मौसम और बदल सकता है और ठंड के साथ धुंध भी देखने को मिल सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इसके असर से हरियाणा के मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं के साथ-साथ सुबह के समय घनी धुंध पड़ने की संभावना है जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है और सर्दी का असर और बढ़ेगा। वहीं कृषि विशेषज्ञों ने गेहूं की बिजाई जल्द खत्म करने के अलावा सरसों में रोगों की रोकथाम के लिए कृषि वैज्ञानिकों की सलाह लेने बारे कहा है। रविवार को भिवानी में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि हवा में नमी की मात्रा 76 प्रतिशत दर्ज की गई।

मौसम पूर्वानुमान

चौ. चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 18 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। 19 नवंबर को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा में आएगा इससे बादलवाई देखने को मिल सकती है और कई जगह पर हल्की बारिश हो सकती है।