Vande Bharat Train : नौकरीपेशा वालों को रास नहीं कर रहा वंदे भारत का टाइम, किराया भी महंगा
दिल्ली-फिरोजपुर कैंट के बीच 10 नवंबर से शुरू हुई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पानीपत के लोगों को रास नहीं आ रही है। इसका सबसे बड़ा कारण महंगा किराया और ट्रेन का समय दोपहर में होना माना जा रहा है। आमतौर पर ट्रेनों में नौकरी पेशा लोग ज्यादा सफर करते हैं। जो ज्यादातर सुबह-शाम की यात्रा करते हैं। दिल्ली की तरफ जाने के लिए ट्रेन का समय पानीपत में दोपहर 1:05 बजे का है।
वहीं शाम 4 बजे वह दिल्ली से अम्बाला कैंट के लिए चल पड़ती है। इसलिए नौकरी पेशा लोगों को ट्रेन का समय रास नहीं आता। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में औसत 5 यात्री पानीपत से दिल्ली और 26 यात्री रोजाना अम्बाला की ओर सफर कर रहे हैं। समय के साथ-साथ दिल्ली जाते वक्त किराया 650 रुपए होने के कारण भी कम लोग सफर करना पसंद करते हैं। चूंकि, इस ट्रेन में फूड अनिवार्य है। 10 नवंबर से सप्ताह में बुधवार छोड़ बाकी के 6 दिनों तक वंदे भारत एक्सप्रेस चलती है। पानीपत से दोपहर 1:05 बजे और दिल्ली से शाम 4 बजे चलती है।
गीता जयंती के लिए चलेगी ट्रेन
कुरुक्षेत्र में होने वाली गीता जयंती महोत्सव को लेकर पानीपत और कुरुक्षेत्र के बीच 6 दिनों तक एक विशेष ट्रेन चलेगी। कुरुक्षेत्र जाने से पहले यह ट्रेन पहले बादली जाएगी। वहां से वापसी में कुरुक्षेत्र जाएगी। वहीं, रात को कुरुक्षेत्र से लौटते वक्त ट्रेन पानीपत तक ही चलेगी। दिल्ली के बादली और सोनीपत से कुरुक्षेत्र के गीता जयंती समारोह में भाग लेने वाले इस ट्रेन का उपयोग कर सकेंगे। यह विशेष ट्रेन 22 नवंबर, 23, 25, 29 और 30 नवंबर के बाद 5 दिसंबर को चलेगी।
इस तरह रहेगा ट्रेन का समय
04484: पानीपत से बादलीः पानीपत से सुबह 11:38 बजे चलेगी और दोपहर 1:50 बजे बादली पहुंचेगी।
04483: बादली से कुरुक्षेत्रः यहीं ट्रेन बादली से दोपहर 3:40 बजे चलेगी और पानीपत शाम 5:16 बजे पहुंचे। फिर शाम 6:50 बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेगी।
04486: कुरुक्षेत्र से पानीपत : रात 8:40 बजे कुरुक्षेत्र से चलेगी, रात 10:25 बजे पानीपत पहुंचेगी।