Movie prime

जींद नागरिक अस्पताल को मिली महिला रोग विशेषज्ञ, अब हो सकेंगी सिजेरियन  डिलीवरी 

जींद नागरिक अस्पताल के गायनी वार्ड में प्रत्येक माह लगभग 300 डिलीवरी होती है। प्रतिदिन औसतन होने वाली दस डिलीवरी में से तीन से चार डिलीवरी सर्जरी से होती हैं। इसके कारण इन अधिकतर महिलाओं को रेफर करना पड़ता था
 
जींद नागरिक अस्पताल
सोनीपत से ट्रांसफर होकर महिला रोग विशेषज्ञ डा. राशि आई

जींद के नागरिक अस्पताल में लगभग एक साल बाद महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति हुई हैं। महिला रोग विशेषज्ञ नहीं होने से सिजेरियन डिलीवरी प्रभावित हो रही थी और महिलाओं को पीजीआइ रोहतक रेफर करना पड़ रहा था। 

अब सोनीपत से ट्रांसफर होकर महिला रोग विशेषज्ञ डा. राशि आई हैं। हालांकि अस्पताल की तरफ से निजी अस्पताल की एक महिला रोग विशेषज्ञ और एक सर्जन से अनुबंध किया हुआ था, लेकिन वह हर समय उपलब्ध नहीं हो पाते थे।

इसके चलते सिजेरियन डिलीवरी होने की स्थिति में गर्भवती महिलाओं को पीजीआइ रोहतक या मेडिकल कालेज खानपुर रेफर किया जा रहा था। अक्सर देखने को मिल रहा था कि कई बार अस्पताल का स्टाफ यह कहकर रेफर कर देता था कि यहां पर सर्जरी के लिए डाक्टर उपलब्ध नहीं हैं। इसके कारण लोग मजबूरी में निजी अस्पतालों में जाना पड़ रहा था।

नागरिक अस्पताल के गायनी वार्ड में प्रत्येक माह लगभग 300 डिलीवरी होती है। प्रतिदिन औसतन होने वाली दस डिलीवरी में से तीन से चार डिलीवरी सर्जरी से होती हैं। इसके कारण इन अधिकतर महिलाओं को रेफर करना पड़ता था। महिला रोग विशेषज्ञ नहीं होने के कारण लोग भी गर्भवती महिलाओं को नागरिक अस्पताल में लेकर नहीं आ रहे थे। जहां पर लोगों को मजबूरी में निजी अस्पताल में लेकर जाना पड़ रहा था।

निजी अस्पताल के सर्जन को देना पड़ रहा था ज्यादा चार्ज

नागरिक अस्पताल में पहले ही बजट की कमी हैं। लगभग एक साल पहले महिला रोग विशेषज्ञ का पद खाली हो गया था। इसके बाद अस्पताल में अचानक ही सिजेरियन डिलीवरी बंद हो गई थी और कई बार हंगामा भी हुआ। लगभग सात माह पहले अस्पताल प्रशासन ने दो निजी अस्पताल के डाक्टरों के साथ सर्जरी से होने वाली डिलीवरी के लिए अनुबंध किया था। जहां पर प्रत्येक डिलीवरी के नाम पर ज्यादा चार्ज देना पड़ रहा हैं। इसके कारण अस्पताल प्रशासन के सामने बजट की समस्या भी आड़े आ रही थी। कई बार समय पर सर्जरी नहीं होने पर जच्चा और बच्चा की जान का खतरा रहता था।

नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने बताया कि सोनीपत से ट्रांसफर होकर महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति नागरिक अस्पताल में हुई हैं। पहले सर्जरी के लिए निजी अस्पताल के डाक्टरों के साथ अनुबंध किया हुआ हैं, लेकिन अब महिला रोग विशेषज्ञ की स्थाई नियुक्ति होने से गर्भवती महिलाओं को परेशानी नहीं होगी।