Movie prime

शहर की सड़कों पर दलदल, बच्चों और बुजुर्गों का निकलना मुश्किल

 
Chhatarpur News

Chhatarpur News: छतरपुर शहर के कई वार्डों की मुख्य सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे और पानी भराव के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। स्थिति इतनी खराब है कि नागरिक इसे गांव से भी बदतर मान रहे हैं। नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ को सड़कों की जानकारी होने के बावजूद मरम्मत या निर्माण का कोई प्रयास नहीं हो रहा है।

वार्ड 1 से स्कूल और कॉलेजों तक जाने वाली सड़क में दलदल

वार्ड 1 की मुख्य सड़क, जो नौगांव रोड से नारायणपुरा, शारदा नगर, पंचवटी आश्रम, डिजिटल कॉलेज, फार्मेसी कॉलेज, केबीएम स्कूल और टुरया गांव तक जाती है, इन दिनों दलदल में तब्दील हो चुकी है। पानी भरने से बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। भारी वाहन निकलते ही पूरा कीचड़ सड़क पर फैल जाता है।

दोपहिया वाहन चालकों को संतुलन बनाने में दिक्कत होती है। रात के समय यह और भी खतरनाक हो जाता है। वार्ड निवासी कई बार नगर पालिका में शिकायत कर चुके हैं लेकिन समाधान नहीं हुआ।नगर पालिका अध्यक्ष का खुद का वार्ड भी बेहाल जनकनगर कॉलोनी (वार्ड 35) नगर पालिका अध्यक्ष का वार्ड है, जहां बारिश शुरू होते ही सड़क गड्ढों में बदल जाती है।

यहां करीब 200 घर हैं और 170 परिवार नगर पालिका को टैक्स देते हैं। बावजूद इसके, सड़क की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। बच्चों को स्कूल छोड़ने अभिभावकों को खुद साथ जाना पड़ता है क्योंकि बच्चे अकेले इस रास्ते से नहीं निकल सकते।

सीएम राइज स्कूल तक भी नहीं बन सकी सही सड़क

वार्ड 17 में हाइवे से सीएम राइज स्कूल तक 500 मीटर की सड़क मुरमीकरण के बाद भी बारिश में जर्जर हो गई। साइकिल से स्कूल जा रहे बच्चे कई बार फिसल चुके हैं। अब उन्हें पैदल कीचड़ पार करके स्कूल जाना पड़ता है।

बायपास जैसी सड़कें भी लायक नहीं बचीं

चौबे कॉलोनी से बगौता रोड जाने वाली दो किलोमीटर लंबी सड़क, जो सागर रोड के लिए बायपास मानी जाती है, बारिश में पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है। यहां दो फीट गहरे और 8फीट चौड़े गड्ढे हैं। बाइक सवार अक्सर फंस जाते हैं।

प्रशासन ने कहा - काम प्राथमिकता से होगा

नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर लगाए गए हैं। जैसे ही प्रक्रिया पूरी होगी, काम शुरू किया जाएगा। कच्ची सड़कों को प्राथमिकता दी जाएगी।