फरीदाबाद से दिल्ली- नोएडा का सफर होगा आसान! नई फोरलेन सड़क को मंजूरी, खर्च होंगे 278 करोड़
Dec 2, 2024, 13:45 IST

New Road: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम एक गंभीर समस्या बन चुकी है। खासकर फरीदाबाद, दिल्ली और नोएडा के बीच लगातार बढ़ती आवाजाही और ट्रैफिक जाम से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। इस समस्या को हल करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। फरीदाबाद से दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाली आगरा नहर सड़क को जल्द ही फोरलेन में बदलने का काम शुरू किया जाएगा। यह सड़क मार्ग ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-65 साहूपुरा से कालिंदी कुंज तक फैला हुआ है और करीब 30 किलोमीटर लंबा है। इस सड़क पर रोजाना 50,000 से अधिक लोग फरीदाबाद से नोएडा और दिल्ली के बीच यात्रा करते हैं। फिलहाल यह सड़क केवल टू-लेन है, जिससे यहां ट्रैफिक जाम की समस्या काफी गंभीर हो जाती है। विशेष रूप से कालिंदी कुंज, खेड़ी पुल और पल्ला जैसे इलाकों में सुबह और शाम के समय ट्रैफिक जाम की स्थिति और भी अधिक गंभीर हो जाती है। अगर यह सड़क फोरलेन बन जाती है तो इससे कई लाभ होंगे। फोरलेन बनने से ट्रैफिक का दबाव कम होगा, जिससे लोगों का सफर सुगम और तेज होगा। पीक आवर्स में भी लोगों को अब लंबा समय ट्रैफिक में नहीं बर्बाद करना पड़ेगा, जिससे समय की बचत होगी। फरीदाबाद से दिल्ली और नोएडा के बीच यात्रा अधिक आरामदायक और तेज हो जाएगी। सड़क निर्माण कार्य के लिए हरियाणा और यूपी सरकार के बीच सहमति जरूरी है, क्योंकि इस मार्ग पर मालिकाना हक यूपी सिंचाई विभाग का है। इसे लेकर सोमवार को एक MoU साइन होने की संभावना है। इसके बाद, दोनों राज्यों के बीच सहमति बन जाएगी और काम की शुरुआत होगी। इस परियोजना को गति देने के लिए फरीदाबाद मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। दोनों राज्य सरकारों के बीच MoU साइन होने के बाद निर्माण कार्य की शुरुआत होगी। सर्वेक्षण और काम की मंजूरी यूपी सिंचाई विभाग द्वारा दी जाएगी।