Haryana News: हरियाणा पुलिस की वर्दी की बैज पर लगा गीता का श्लोक, जवानों को मिलेगा ये संदेश
वर्दी पर सेवा, सुरक्षा और सहयोग के बैज के साथ नजर आनी वाली हरियाणा पुलिस की यूनिफॉर्म पर अब गीता का एक श्लोक भी नजर आएगा।

Haryana News: वर्दी पर सेवा, सुरक्षा और सहयोग के बैज के साथ नजर आनी वाली हरियाणा पुलिस की यूनिफॉर्म पर अब गीता का एक श्लोक भी नजर आएगा। गीता का यह श्लोक कर्मण्येवाधिकारस्ते पुलिस को कर्म करने के लिए प्रेरित करेगा। इस बैज में भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन का रथ को भी अंकित किया गया है।
पिछले महीने 26 जुन को सीएम मनोहर लाल ने पंचकूला में आयोजित पुलिस संवाद कार्यक्रम में इस बैज को हरियाणा पुलिस को समर्पित किया था। अब पुलिसकर्मी इस संदेश वाले बैज के साथ ड्यूटी कर रहे हैं। इस श्लोक का राष्ट्रीय फैशन डिजाइन संस्थान कुरुक्षेत्र के प्रो. डॉ. श्रीनिवास एस दुधगांवकर ने डिजाइन किया है।
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया ने कहा कि पहले राष्ट्रपति निशान मिलना और अब गीता श्लोक का बैज छाती पर लगाना हरियाणा पुलिस के लिए बेहद ही गौरवमई पल है। पुलिसकर्मी अपने कंधे पर राष्ट्रपति निशान और छाती पर कर्मण्येवाधिकारस्ते का बैज लगाकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के निशान से वर्दी की शान और पुलिस का हौसला बढ़ता है, उसी तरह यह श्लोक पुलिस को हमेशा कर्म करने का संदेश देता रहेगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पहले धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि से विश्व को भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के उपदेश में कर्म करने का संदेश दिया। अब हरियाणा पुलिस की वर्दी पर गीता का श्लोक का डिजाइन भी धर्मक्षेत्र से ही दिया गया है। यह जिला पुलिस के लिए और भी गौरव बढ़ाने वाली बात है।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही हरियाणा पुलिस की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। जैसे पहले हरियाणा पुलिस अपने सेवा, सुरक्षा और सहयोग को सार्थक कर रही है उसकी प्रकार गीता के श्लोक के अर्थ को भी सार्थक करना होगा।
बैज के निर्माता को किया सम्मानित
इस गीता श्लोक लिखित बैज के निर्माता को पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया ने प्रशंसापत्र देकर सम्मानित किया। मालूम हो इस बैज को प्रो. डॉ. श्रीनिवास एस दुधगांवकर ने पुलिस महानिदेशक और पुलिस अधीक्षक भौरिया के अनुरोध पर तैयार किया है।
डॉ. श्रीनिवास ने बताया कि इस बैज को बनाने में राष्ट्रीय फैशन डिजाइन संस्थान कुरुक्षेत्र की डायरेक्टर डॉ. वनिता आहूजा का भरपूर सहयोग मिला है। उन्हें बेहद खुशी है कि उनका तैयार बैज हरियाणा पुलिस की वर्दी की शान बढ़ा रहा है, इससे ज्यादा खुशी की बात और क्या हो सकती है।