हरियाणा

Haryana Highways: हरियाणा में एक और हाइवे का निर्माण कार्य शुरू, डेढ़ साल में बनकर होगा तैयार, पौने 2 घंटे का सफर 35 मिनट में

Haryana Highways: हरियाणा में एक और हाइवे का निर्माण कार्य शुरु हो गया है। ये हाइवे अम्बाला से काला अम्ब तक 34 किलोमीटर लंबा होगा।

इस पर 620 करोड़ की लागत आएगी। इसके निर्माण के बाद अम्बाला-काला अम्ब का 1.45 घंटे का सफर सिर्फ 35 मिनट में पूरा होगा।

हाइवे को बनाने के लिए करीब 4 हजार पेड़ों की कटाई का काम अभी बाकी है।

हालांकि वन रेंज अधिकारी की तरफ से पेड़ों की लिस्ट मुख्य कार्यालय (पंचकूला) भेजी जा चुकी है, लेकिन अभी तक मंजूरी नहीं मिली।

इस हाइवे में 3 बड़े और 147 छोटे फ्लाईओवर बनेंगे। हाइवे का काम डेढ़ साल में पूरा होने की उम्मीद है।

हाइवे के बनने से काला अम्ब मार्ग पर होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

नेशनल हाइवे पर पंजाब बॉर्डर से काला अम्ब तक खड़े पेड़ हाइवे के निर्माण में रोड़ा बने हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा पेड़ हरियाली ढाबे से काला अम्ब के बीच हैं।

वन विभाग के मुताबिक इन पेड़ों की लिस्ट तो बन चुकी है, लेकिन विभाग के चीफ की मुहर लगनी बाकी है।

हाइवे का निर्माण कर रही कंपनी ने इस मार्ग पर 3 बड़े फ्लाईओवर बनाने का काम शुरू कर दिया है।

पहला फ्लाईओवर गांव पतरेहड़ी के नजदीक एनएच-344 को क्रॉस करने के लिए बनाया जाएगा।

ये भी पढ़ें:   Jind news : जींद में 16 साल की युवती को निजी कैफे पर ले जाकर बनाई अश्लील वीडियो, इंस्टाग्राम पर की वायरल

दूसरा बेगना नदी और तीसरा फ्लाईओवर रूण नदी पर बनेगा। इसके अलावा 147 छोटे फ्लाईओवर नालों और लिंक रोड पर बनेंगे।

इस हाइवे का सबसे ज्यादा फायदा नारायणगढ़ से काला अम्ब जाने वाले वाहन चालकों को होगा, क्योंकि 10 किलोमीटर के रास्ते पर बहुत से लोग दुर्घटनाओं में जान गंवा चुके हैं।

वहीं काला अम्ब से अम्बाला का सफर काफी कम हो जाएगा। अम्बाला से मानकपुर (हरियाली ढाबे) तक हाइवे की चौड़ाई लगभग 200 फुट होगी।

निर्माण कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक पूरे हाइवे पर लाइटें लगाई जाएंगी। इससे रात का सफर भी आसान होगा।

यह हाइवे पंचकूला-यमुनानगर हाइवे की तर्ज पर बनाया जाएगा।

अभी तक अम्बाला से काला अम्ब जाने वाले लोगों को टोल नहीं देना पड़ता था, लेकिन हाइवे की सुविधा मिलते ही उन्हें टोल अदा करना होगा। हाइवे ने इसके लिए अभी जगह निर्धारित नहीं की है।

Back to top button