Haryana Kisan Yojana : हरियाणा के किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों पर मिलेगा 50 प्रतिशत सब्सिडी, फटाफट करें आवेदन
हरियाणा में किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र खरीदने के लिए सरकार 50 प्रतिशत तक अनुदान देगी। योजना का लाभ उठाने के लिए किसान पोर्टल www. agriharyana.gov.in पर 16 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं। विशेष बात यह कि पोर्टल पर पंजीकृत फर्मों से उपकरण खरीद के दौरान मोल-भाव भी कर सकेंगे।
अनुदान के लिए जिला स्तरीय समितियां पात्र किसानों का चयन करेंगी। कुल 25 प्रकार के आधुनिक कृषि यंत्रों और मशीनों पर अनुदान दिया जाएगा। इनमें बैटरी, बिजली एवं सोलर आधारित घास काटने की मशीन, सेल्फ प्रोपेल्ड मल्टीटूल मशीन, स्वचालित स्प्रे मशीन, ट्रैक्टर लोडर, ट्रैक्टर संचालित साइलेज मशीन, उर्वरक छिड़काव मशीन, हाइड्रोलिक गांठ बनाने की मशीन, मल्टीक्राप बेड प्लांटर, धान रोपाई मशीन, लेजर लैंड लैवलर, रोटावेटर, आलू खोदने की मशीन, धान सुखाने की मशीन, मक्का निकालने की मशीन सहित अन्य कृषि यंत्र शामिल हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर रबी 2024 एवं खरीफ 2025 की फसलों का पंजीकरण अनिवार्य है। इसके अलावा आवेदक के पास ट्रैक्टर की वैध आरसी होनी चाहिए। एक परिवार पहचान पत्र से केवल एक ही सदस्य आवेदन कर सकता है।
एक किसान को केवल एक ही मशीन का लाभ दिया जाएगा। तीन वर्षों में उसी यंत्र पर अनुदान ले चुके किसान पात्र नहीं होंगे। लाभार्थियों का चयन ड्रा के माध्यम से किया जाएगा। चयन के बाद किसान अनुमोदित निर्माता या डीलर से मशीन खरीद सकेंगे।
