Haryana Weather : हरियाणा में 4 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय, चार दिन बारिश की संभावना

प्रदेश से मानसून की विदाई के बावजूद अभी आगामी दिनों में बारिश का सिलसिला बरकरार रह सकता है। अभी भी राज्य के कुछ जिलों में एकाध दिन से बारिश आ रही है। हालांकि अभी ठंड के लिए एक सप्ताह ओर इंतजार करना पड़ सकता है। वीरवार को प्रदेश के कई जिलों में आसमान में आंशिक बादलवाई के चलते हल्की बिखराव वाली बूंदाबांदी दर्ज की गई हालांकि दोपहर बाद मौसम लगभग साफ बना रहा।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 7 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलनी शुरू हो जाएगी। इससे तापमान जो 35 से 36 डिग्री पर बना हुआ है उसमें गिरावट आनी शुरू हो जाएगी। हालांकि पूरी तरह से ठंड आने में दिवाली तक का इंतजार करना पड़ सकता है।
इस बीच 7 अक्टूबर से तापमान में गिरावट देखी जाएगी। इसके अलावा प्रदेश में चार अक्टूबर से एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो जाएगा जिसके प्रभाव से राज्य में कहीं-कहीं बारिश होगी जबकि 5 अक्टूबर को वेस्टर्न डिस्टरबेंस पूरे प्रदेश में एक्टिव होगा।
सात अक्टूबर तक हरियाणा में इसका असर रहेगा। फिलहाल चार अक्टूबर तक मौसम सामान्य बना रहेगा। वहीं तापमान की बात करें तो आईएमडी के अनुसार भिवानी में अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को आसमान में आंशिक बादलवाई छाई रहने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो 5 से 7 अक्टूबर तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे तथा एक या दो बार बारिश या गरज के साथ छींटे गिर सकते हैं।