ACB Red : हरियाणा में नगर पालिका चेयरमैन व भाजपा नेता रिश्वत लेते हुए पकड़ा, एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने की कार्रवाई
हरियाणा के जींद जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। जहां एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने जुलाना नगर पालिका के चेयरमैन एवं भाजपा नेता डा. संजय जांगड़ा को दो लाख 27 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। संजय जांगड़ा पिछले साल ही नगर पालिका चुनाव में भाजपा की टिकट पर जुलाना नगर पालिका का चेयरमैन चुना गया था।
नगर पालिका चेयरमैन डा. संजय जांगड़ा के साथ उसके अस्पताल की रिसेप्शनिस्ट को भी पकड़ा है। डा. संजय जांगड़ा पर तालाब का सौदर्यीकरण कर रहे ठेकेदार पर बिल पास करवाने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने नगर पालिका जुलाना के चेयरमैन डा. संजय जांगड़ा व उसकी रिसेप्शनिस्ट को पकड़ लिया और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बताया कि जुलाना के तालाब का सौदर्यीकरण का ठेका भिवानी के ठेकेदार मनोज ने लिया है। 16 अगस्त को मनोज ने शिकायत दी थी कि उसके तालाब के सौदर्यीकरण की राशि को जारी करने की एवज में जुलाना नगर पालिका चेयरमैन डा. संजय जांगड़ा ढाई प्रतिशत कमीशन की मांग रहा है।
उसका कहना है कि उसके बिल के हिसाब से दो लाख 27 हजार रुपए बनते है और उस राशि को देने के लिए कहा। शिकायत मिलने पर एंटी करप्शन की टीम ने छापामाल दल का गठन किया। जहां पर शिकायकर्ता ने डा. संजय जांगड़ा से संपर्क किया। उसने कह दिया कि रिश्वत की राशि जुलाना में उसके अस्पताल की रिसेप्शनिस्ट को दे दे।
जैसे ही रिश्वत की राशि दी तो टीम ने उसको पकड़ लिया। जहां पर रिसेप्शनिस्ट के हाथ धुलवाने पर उनका रंग बदल गया। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रिसेप्शनिस्ट सतबीर व चेयरमैन डॉ. संजय जांगड़ा को हिरासत में लिया। जहां पर उससे पूछताछ की जा रही है।
