Movie prime

Smart Agriculture Zone : हरियाणा के इस जिले में दो हजार एकड़ में बनेगा स्मार्ट एग्रीकल्चर जोन

पानीपत में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है
 
Smart Agriculture Zone  हरियाणा के इस जिले में दो हजार एकड़ में बनेगा स्मार्ट एग्रीकल्चर जोन

पानीपत में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में विकसित भारत का जो संकल्प देश ने लिया है, उसकी सबसे मजबूत नींव हमारे गांव ही हैं। विकसित भारत का मार्ग विकसित गांवों से होकर गुजरता है।

यह केंद्र एक भवन या संस्था नहीं बल्कि, आत्मनिर्भर भारत का एक जीवंत मॉडल दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि यह हम सबके लिए गर्व का विषय है कि यह केंद्र आसपास के 100 गांवों के समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। यह गांवों के भविष्य को संवारने का संकल्प है।

यह प्रयास उन गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां शिक्षा, कौशल, कृषि, स्वास्थ्य, खेल, संस्कृति और रोजगार के सभी आयामों पर एक साथ कार्य किया जा रहा है। 

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के सहयोग से कुरुक्षेत्र जिले में 2 हजार एकड़ क्षेत्र में 'स्मार्ट एग्रीकल्चर' योजना प्रारंभ की जाएगी। यह योजना प्राकृतिक खेती और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम होगी।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यदि इस योजना में किसानों को किसी प्रकार का नुकसान होता है, तो उसकी भरपाई हरियाणा सरकार करेगी। उन्होंने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि कि इस साधना केंद्र में खेल नर्सरी के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ा जा रहा है।

हरियाणा खेलों का पावर हाउस है। देश के लिए सबसे अधिक पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों में हरियाणा के खिलाडिय़ों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यदि गांवों में खेल प्रतिभाओं को सही अवसर और प्रशिक्षण मिले, तो आने वाले समय में यह केंद्र भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाडिय़ों को तैयार करने का कार्य करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा किसी भी समाज का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब उसके कमजोर और वंचित वर्गों को आगे बढ़ने का अवसर मिले। यहां ऐसे छात्रावास संचालित किए जाएंगे, जहां निर्धन परिवारों के बच्चे रहकर शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे और अपने व्यक्तित्व का विकास कर सकेंगे।

यह केवल छात्रावास नहीं होंगे, बल्कि प्रतिभाओं के निर्माण केंद्र होंगे। सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र भी इसी अंत्योदय के विचार को आगे बढ़ा रहा है। यहां सेवा का भाव है, समाज को जोडऩे का संकल्प है और भविष्य निर्माण की दृष्टि है।

यह केंद्र आने वाले समय में पूरे देश के लिए एक आदर्श मॉडल बन सकता है कि किस प्रकार समाज की शक्ति, संस्कृति के मूल्यों और आधुनिक विकास की अवधारणाओं को एक साथ जोडक़र परिवर्तन लाया जा सकता है। यह केंद्र केवल पानीपत या हरियाणा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देशभर में ग्राम विकास, कौशल विकास, प्राकृतिक खेती, खेल प्रोत्साहन और सामाजिक उत्थान का एक प्रेरणादायक मॉडल बनकर उभरेगा।