Haryana Weather Update: हरियाणा में बाढ़ग्रस्त इलाकों से टला नहीं है खतरा, इन जिलों में फिर होगी मूसलाधार बारिश; जानें लेटेस्ट वेदर अपडेट
हरियाणा में लगातार दो- तीन दिन हुई बारिश से हालात बेहद खराब हो चुके हैं। वहीं साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में हुई मूसलाधार बारिश से...

Haryana Weather Update : हरियाणा में लगातार दो- तीन दिन हुई बारिश से हालात बेहद खराब हो चुके हैं। वहीं साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में हुई मूसलाधार बारिश से घग्घर, मारकंडा और यमुना नदी में पानी ओवरफ्लो होने से पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत और सोनीपत के कई गांवों में घर और खेत जलमग्न हो गए हैं। आमजन का हाल-बेहाल हो गया है।
वहीं चंडीगढ़ मौसम विभाग की माने तो फिलहाल हरियाणा के लोगों को बारिश और बाढ़ से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों के बाद हरियाणा में तेज बारिश की संभावना जताई है। यानि खतरा अभी टला नहीं है।
मौसम विभाग के मुताबिक वीरवार को पहाड़ी इलाकों से सटे जिलों और शहरों में हल्की बारिश देखी जा सकती है। इनमें चंडीगढ़, पंचकूला, गुरुग्राम और नूंह शामिल हैं. बारिश के साथ तेज हवाओं के चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के अधिकारी एके सिंह ने बताया कि वीरवार और शुक्रवार को मौसम एक जैसा रहेगा। यानी हल्की बारिश और बादल छाए रहेंगे। वहीं 15 जुलाई को एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते मौसम बिगड़ सकता है। मानसून और पश्चिमी विक्षोभ का घातक संगम फिर से तबाही मचा सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा में 15 जुलाई को तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। कई जिलों में बिजली भी गिर सकती है। इसके बाद 17, 18 और 19 जुलाई हो हरियाणा में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा 14, 15 और 16 जुलाई को महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में बारिश के आसार हैं। इन दस जिलों के अलावा हरियाणा के बाकी 12 जिलों में पूरा दिन बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।