Haryana News: हरियाणा के बाद दिल्ली में तबाही मचा रहा है यमुना का पानी, मेट्रो स्टेशन डूबा, सीएम केजरीवाल के घर तक पहुंचा पानी
हरियाणा के कई जिलों में तबाही मचाने के बाद अब यमुना नदी दिल्ली में रौद्र रूप दिखा रही है।

Haryana News: हरियाणा के कई जिलों में तबाही मचाने के बाद अब यमुना नदी दिल्ली में रौद्र रूप दिखा रही है। यमुना नदी का पानी ओवरफ्लो होने से राजधानी में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।
यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पानी में डूब जाने की वजह से बंद करना पड़ा है। वहां एंट्री और एग्जिट पर रोक लगा दी गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के मुताबिक, यमुना नदी पर बने मेट्रो पुलों से गुजरने वाली ट्रेनों की स्पीड लिमिटेड कर दी गई है।
बता दें कि यमुना में मेट्रो के 4 पुल बने हुए हैं और इनसे गुजरने वाली ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार 30 km प्रति घंटा तय की गई है। दिल्ली के निचले इलाकों में यमुना का पानी भर गया है। यमुना नदी का जलस्तर ऐतिहासिक ऊंचाई पर है। दिल्ली के तीन-तीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद कर दिए गए हैं।
दिल्ली सचिवालय में जलभराव
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है। दिल्ली सचिवालय में जलभराव हो गया है और यहीं पर सीएम अरविंद केजरीवाल उनके मंत्रिमंडल और अन्य वरिष्ठ नौकरशाहों के आवास-कार्यालय हैं।
राजघाट से दिल्ली सचिवालय जाने वाली सड़क पर भी पानी भर गया है। कश्मीरी गेट और पुराना लोहे के पुल के बीच रिंग रोड़ पर पानी भर गया है और इसलिए वहां यातायात की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
सीएम आवास के पास पहुंचा पानी
दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में यमुना नदी से आई बाढ का पानी पहुंच चुका है। यही पर अरविंद केजरीवाल समेत कई अन्य नेताओं के आवास है।
वहीं हरियाणा से आने वाली रोड़वेज बसों को फिलहाल दिल्ली बार्डर पर ही रोका जा रहा है। ऐसे में आगे अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचने के लिए यात्रियों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।